लिंग जांच करनेवालों को 35 हजार रुपए का चुग्गा देकर पंजाब से धर-दबोचने का मामला सामने आया है। मामले के तहत श्रीगंगानगर में भ्रूण के लिंग जांच का सौदा करने वाले एक गिरोह को राजस्थान पीसीपीएनडीटी प्रकोष्ठ के दल ने जाल बिछाकर पंजाब में धर दबोचा।
कार्रवाई करने वाले दल का कहना है कि हमें सूचना मिली थी कि श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर कस्बे में एक हॉस्पीटल में लिंग जांच किया जाता है। मुखबिर की सूचना पर त्वरित गंभीरतापूर्वक कार्यवाही करते हुए डिकाय टीम गठित की गई। दल ने एक डिकाय गर्भवती महिला को रायसिंहनगर के पंचायत समिति मार्ग स्थित न्यू महावीर नर्सिंग होम पर भेजा। न्यू महावीर नर्सिंग होम पर मौजूद चिकित्सक ने डिकाय गर्भवती की सोनोग्राफी जांच की एवं गर्भ में बच्चा जीवित होना बताया साथ ही अन्य जानकारी के लिए नर्स संदीप कौर से सम्पर्क करने को कहा। इसके बाद नर्स ने लिंग जांच के लिए 35 हजार रूपए की फीस और अगले दिन सुबह आने को कहा।
अगली सुबह शुक्रवार को नौ बजे संदीप कौर गर्भवती महिला को लेकर श्रीगंगानगर, अबोहर व फाजिल्का का कहते हुए फिरोजपुर लेकर गई। वहां उसने स्थानीय दलाल को बुलाया और गर्भवती को जांच के लिए भेज दिया।
राज्य समुचित प्राधिकारी पीसीपीएनडीटी के अध्यक्ष एवं मिशन निदेशक एनएचएम नवीन जैन ने बताया कि फिरोजपुर पहुंचने के बाद राज्य दल ने चिकित्सक संदीप सिंह, दलाल अमनदीप व रायसिंहनगर की नर्स दलाल संदीप कौर को गिरफ्तार किया।
सोनोग्राफी केन्द्र का निरीक्षण करने पर पाया गया कि पीसीपीएनडीटी एक्ट में पंजीकृत होने के बावजूद सेंटर संचालक द्वारा कोई रिकॉर्ड संधारण नहीं किया जा रहा था। टीम देर रात आरोपियों को लेकर रायसिंहनगर पहुंची। यहां नर्स संदीप कौर के बताए अनुसार डॉक्टर अशोक गुप्ता से पूछताछ जारी है।
साथ ही कार्यवाही में उपयोग ली गई नम्बरी 35 हजार की राशि एवं सोनोग्राफी मशीन जब्त कर ली गई है। गौरतलब है कि राज्य पीसीपीएनडीटी प्रकोष्ठ द्वारा की गई यह अब तक की 62वीं कार्रवाई है।