जयपुर के जगतपुरा स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में लाइसेंस, वाहन परमिट, वाहन फिटनेस अथवा अन्य कार्यों के लिए आने वाले वाहन चालकों एवं अन्य व्यक्तियों के लिए निःशुल्क मेडिकल चैकअप की सुविधा सोमवार से शुरु हो गई है।
परिवहन विभाग के प्रमुख शासन सचिव एवं आयुक्त शैलेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि पिछले दिनों ट्रक ऑपरेटर्स हाईवे एमिनिटी सोसायटी (टोहास) की बैठक में इस बारे में निर्णय किया गया था। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कल्पना अग्रवाल ने बताया किसी भी वाहन चालक द्वारा सुरक्षित वाहन चालन हेतु उसकी नजर, अांखें और सामान्य स्वास्थ सही होना जरूरी है। इस कार्यालय में वाहन चालकों एवं अन्य की नेत्र एवं सामान्य जांच के लिए एक चिकित्सक प्रातः 11 से दोपहर 1 बजे तक अपनी सेवाएं निःशुल्क देंगे। टोहास के वेदभूषण सेठी ने बताया कि चिकित्सा सेवा का पूरा मासिक खर्च टोहास द्वारा वहन किया जाएगा।