प्रदेश के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और वर्तमान में पीएचईडी के अतिरिक्त मुख्य सचिव जे सी मोहंती को साईबर ठगी का शिकार बनाने वाले चार शतिर पुलिस के हत्थे चढ़ गए है। बिहार के नालंदा से चारों आरोपियों को क्राइम ब्रांच टीम ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस को करीब सवा दो लाख रुपए, 14 मोबाइल व 52 सिम मिली है। पुलिस के अनुसार आरोपी अभी तक 150 से ज्यादा ठगी की वारदातों का अंजाम दे चुकी है।
पकड़े गए आरोपी बिहार नालंदा राजगीर निवासी विकास चौरसिया, दीपक चौरसिया, प्रदीप चौरसिया व आलोक चौरसिया है। इनमें दीपक व प्रदीप साला—जीजा है। जबकि दीपक व आलोक चचेरे भाई है। कमिश्नरेट क्राइम ब्रांच की टीम इन्हें ट्रांजिट वारंट पर लेकर जयपुर के लिए रवाना हो गई है। गौरतलब है आईएएस मोहंती को एसबीआई बैंक का अधिकारी बताकर इन बदमाशों ने ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। मोहंती ने इस सबंध में अशोक नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।