पूर्व राष्ट्रपति का स्वागत करते चिकित्सामंत्री
- फोटो : Amar Ujala
तंजानिया के पूर्व राष्ट्रपति जकाया म्रिसो किकाविते के नेतृत्व में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल राजस्थान दौरे पर है। आज यह दल जयपुर पहुंचा और राजस्थान में चल रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली।
इस दौरान इस दल ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ से मुलाकात की। पूर्व राष्ट्रपति जकाया म्रिसो किकाविते ने राजस्थान में मातृ मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की एवं कहा कि इन्हें तंजानिया में भी लागू किया जाएगा।
चिकित्सा मंत्री सराफ ने स्वास्थ्य भवन में सोमवार को आयोजित बैठक में बताया कि प्रदेश में नवजात शिशु के जन्म के समय देखभाल एवं गर्भवतियों को गुणवत्तापूर्ण जांच, परामर्श एवं प्रसव सेवायें इत्यादि कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया जा रहा है।
पूर्व राष्ट्रपति जकाया ने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण, संस्थागत प्रसव व सम्पूर्ण टीकाकरण में अर्जित उपलब्धियों सहित लाभार्थी तक सीधा भुगतान की प्रक्रिया में उत्सुकता से जानकारी ली। उन्होंने राजस्थान में मातृ मृत्यु दर व शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिये किये जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
स्वास्थ्य सचिव एवं मिशन निदेशक नवीन जैन ने प्रदेश में संचालित विभिन्न अभिनव स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुये बताया कि प्रदेश में 48 हजार आशा सहयोगिनियों को चरणबद्ध रूप से ब्लाक स्तर तक प्रशिक्षण देने की व्यवस्था है।