हरि के दर्शन को जा रही तीर्थयात्रियों से भरी बस आज रफ्तार के कहर का शिकार बन गई जिसमें 9 लोग काल का ग्रास बन गए। जानकारी के अनुसार उदयपुर-अहमदाबाद बाइपास पर नेला सरकारी स्कूल के बाहर ट्रोले के पीछे से टक्कर मार देने के कारण एक निजी बस असंतुलित होकर गड्ढे में गिर गई। इस हादसे में 9 जनों की मौत हो गई और 24 घायल हो गए।
घायलों का उदयपुर के उदयपुर के राजकीय महाराणा भूपाल चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है। गुजरात से हरिद्वार जा रही तीर्थयात्रियों की बस शनिवार सुबह जब उदयपुर-अहमदाबाद बाइपास से गुजर रही थी, तब नेला सरकारी स्कूल के बाहर पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रोले ने बस को टक्कर मार दी जिससे बस असंतुलित हो गई और सड़क किनारे गहरे गड्ढे में गिर गई। गिरते-गिरते बस ने सड़क पर चल रही मोटरसाइकिल सहित तीन वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। सूचना पर गोवर्द्धन विलास थाना पुलिस मौके पर पहुंची वहीं स्थानीय अस्पताल से घायलों का मौके पर ईलाज करने और उन्हें अस्पताल तक पहुंचाने के इंतजाम किए गए। हादसे की सूचना पर जिला कलेक्टर बिष्णु चरण मलिक और जिला पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र प्रसाद गोयल भी मौके पर पहुंचे। अस्पताल में भी तत्परता से अतिरिक्त चिकित्सक और स्टाफ लगाया गया।