राजस्थान के भरतपुर में सोमवार रात्रि करीब दस बजे एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश की बाइक सवार दो लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
भरतपुर के विकास नगर में हिस्ट्रीशीटर पवन कटोरी की सरेआम हत्या से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस के अनुसार मृतक पवन कटोरी विकास नगर का ही रहने वाला है और उस पर 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज है। वह डेढ माह पूर्व ही जेल से छूटकर आया है। चश्मदीदों के अनुसार पवन को बाइक सवार दो बदमाशों ने सात गोली मारी है। वहीं फायरिंग की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और नाकाबंदी कराई गई।
घटनास्थल पर ही एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस के तमाम प्रयासों के बाद भी देर रात्रि तक भी फायरिंग करने वाले बदमाशों की जानकारी नहीं मिल सकी। गौरतलब है कि भरतपुर में पिछले एक माह के दौरान आपराधिक वारदातों में तेजी से ईजाफा हुआ है। जिससे जिले में सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लग गया है।