अजमेर में नेशनल हाईवे संख्या 8 पर उस समय सनसनी फैल गई जब बीती रात सड़क पर दौड़ता ट्रेलर धधक उठा। घटना नारेली पुलिया की है। ड्राइवर की सूझबूझ से कोई हताहत नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार देर रात हाईवे पर किशनगढ़ की ओर से जा रहे ट्रेलर में पुराने कपड़े भरे हुए थे। अचानक कपड़ों में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रक आग की लपटों से घिर गया। ड्राईवर ने पुलिया पर ट्रेलर को एक तरफ खड़ा किया और जान बचाने के लिए बाहर कूद गया। इससे कोई बड़ा हादसा नहीं हो सका। वहीं, आग के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लम्बी कतारें लग गई।
नगर निगम के दमकलों ने काफी प्रयास कर आग बुझाने में सफलता हासिल की, लेकिन तब तक ट्रक जलकर खाक हो चुका था। पुलिस ने एकतरफा यातायात करके जाम को खुलवाया।