कोटा के डीसीएम रोड पर मौजूद एक फैक्टरी में आज भीषण आग लग गई। इसकी सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी। तब जाकर करीब आधा दर्जन दमकलों के साथ अग्निशमन बेड़ा मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के अनुसार, कोटा के डीसीएम रोड पर तिरुपति नाम की फैक्टरी संचालित है। फैक्टरी में तेल, नमकीन और पॉपकॉर्न बनाया जाता है। आज सुबह भी रोजाना की तरह फैक्टरी के कर्मचारी अपने काम में जुटे थे, तभी अचानक फैक्टरी के बॉयलर में आग लग गई। ये देखते हुए मौके पर जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान यहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया। तुरंत अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी गई। इस पर मौके पर आधा दर्जन दमकल और दमकल कर्मियों को बेड़ा मौके पर पहुंचा।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यहां आग पर काबू पाया गया। अभी फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन जांच जारी है। बताया जा रहा है कि आग लगने से फैक्टरी में लाखों का सामान जलकर खाक हो गया।