जयपुर के जमवारामगढ़ में तारपीन की एक फैक्ट्री में रविवार को भीषण आग लग गई। घटना में तीन बच्चों समेत कुल चार लोगों की जान जाने की खबर है। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। यह घटना जमवारामगढ़ के धुलारावजी गांव की है। दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है। बताया जा रहा है कि फैक्टरी का बिना लाइसेंस के ही संचालन हो रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जमवारामगढ के सर्किल अधिकारी शिव कुमार ने बताया कि धूलारावजी गांव में एक खेत में बने अर्द्धनिर्मित हाल में रविवार को आग लग गई जिसमें एक व्यक्ति और उसकी पुत्री सहित तीन मासूम बच्चों की जिंदा जलने से मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि हॉल में पेंटिग के काम में आने वाला थिनर के पैंकिग का कार्य किया जाता था।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान रमेश (25) उसकी पुत्री जया (3) और दो अन्य बच्चे गरिमा (3) और कालू (4) के रूप में की गई। अधिकारियों ने बताया कि एक मासूम सहित तीन अन्य लोग हादसे में घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सवाईमान सिंह चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया है।
पेट्रोलियम एसोशिएशन जिलाध्यक्ष की कार में लगाई आग
इस बीच सिरोही जिले के आबूरोड शहर में बीती रात एक अज्ञात युवक ने पेट्रोलियम एसोशिएशन जिलाध्यक्ष संदीप जायसवाल की कार में आग लगा दी। घटना के बाद मौके पर दमकल का वाहन पंहुचा, पर तब तक कार जलकर खाक हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 1.20 मिनट पर एक अज्ञात शख्स ने आबूरोड के पारसीचाल स्थित देव कॉम्प्लेक्स के बाहर खड़ी सिरोही पेट्रोलियम एसोशिएशन जिलाध्यक्ष की कार पर बोतल में भरा ज्वालंशील पदार्थ छिड़क पर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। आग की लपटों को देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना में कार के पास खड़ी एक दोपहिया वाहन भी जलकर खाक हो गया। घटना के बाद शहर थाने में मामला दर्ज करवाया गया है और आग लगाने वाले शख्स की तलाश में जुट गई है।