राजधानी जयपुर में देर रात मालवीय नगर के सेक्टर-3 स्थित सब्जी मंडी में अचानक आग लग गई जिसके बाद लोगों में दहशत का माहौल हो गया।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 12 बजे की है जब सैक्टर 3 स्थित सब्जी मंडी में तेज धमाकों के साथ आग लग गई और एक के बाद एक लगभग 20 थड़ियां जलकर खाक हो गई।
थड़ियों में रखे गैस सिलेंडरों के फटने से आग ने विकराल रुप ले लिया और पूरा इलाका धमाकों से गूंज उठा। दहशत के मारे अपने घरों से बाहर निकले लोगों ने फायर ब्रिगेड को फोन किया जिसके बाद दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंची।
करीब 1 घंटे के भीतर आग पर काबू पाया जा सका और पूरे इलाके की बिजली को भी काट दिया गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है वहीं थड़ियों में रखे सामान जलकर राख हो जाने से छोटे व्यापारियों को काफी नुकसान पहुंचने का भी अंदेशा है।