जैसलमेर जिला कलेक्ट कैलाश चंद मीना
- फोटो : amar ujala
स्वर्णनगरी जैसलमेर के शहरी क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्यवाही के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी अतिक्रमणों को नहीं बख्या जाएगा। जिला प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं।
जिला कलक्टर कैलाश चन्द मीना ने ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान अधिकांश जगहों पर अतिक्रमण की शिकायत को ध्यान में रखते हुए सख्त निर्देश जारी किए कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाए जाएंगे।
उन्होंनें कहा कि गांवों में अतिक्रमण, अनाधिकृत निर्माण कार्य होने से गांवों के सौन्दर्यीकरण पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है तथा गांवों में सार्वजनिक रास्तों की चौड़ाई कम होती जा रही है जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिला कलेक्टर मीना ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा विकास अधिकारी जैसलमेर, सम और सांकड़ा गांव को निर्देश दिए कि जिले के बड़े गांवों में जिनकी जनसंख्या 2000 से अधिक हो में अब तक आबादी क्षेत्र में हुए अतिक्रमण, अनाधिकृत निर्माण कार्यो को एक अभियान चलाकर तत्काल प्रभाव से हटाने तथा इसके लिए कार्य योजना तैयार कर 7 दिवस में प्रस्तुत करने के कड़े निर्देश दिए।