सीएम को ईमेल भेजकर एक युवक ने पीड़ा बताई। इसके बाद हरकत में आए प्रशासन ने उसकी मदद की।
मामला अलवर के एक निजी हॉस्पिटल से जुड़ा हुआ है। दरअसल यहां तिजारा के लुहादेरा गांव के रहने वाली अजीत सिंह ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को ईमेल किया। इसमें उसने बताया कि उसकी भाभी रीना मां बनने वाली है। प्रसव पीड़ा होने पर जब परिजन रीना को अलवर के सरकारी जनाना हॉस्पिटल में इलाज के लिए लेकर गए तो वहां उसकी ठीक तरह से देखभाल नहीं की गई। इस पर वे रीना को पास ही स्थित कमला नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, लेकिन वहां इलाज का खर्चा ज्यादा बताया गया।
सीएमओ के निर्देश के बाद हरकत में आए स्वास्थ्य विभाग ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वाथ्य अधिकारी मदद के निर्देश दिए। सीएमएचओ श्याम सुंदर अग्रवाल ने कमला नर्सिंग होम अस्पताल प्रशासन से बात कर इलाज के 40 से 50 हजार रुपए माफ करवा दिए। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि आगे भी इलाज में जो भी खर्च आएगा वह मरीज से नहीं लिया जाएगा।