बिजली उपभोक्ता अपने बिजली के बिल का भुगतान पेटीएम से भी कर सकेंगे। इसके तहत 5000 हजार रुपए तक बिल राशि पर कोई अतिरिक्त ट्रांजेक्शन राशि नहीं ली जाएगी। इससे ज्यादा राशि के बिल पर ट्राजेक्शन चार्ज का कुछ हिस्सा उपभोक्ताओं को देना पड़ेगा।
जयपुर विद्युत वितरण निगम डिस्कॉम ने विद्युत उपभोक्ताओं को विद्युत बिलों के ऑनलाईन भुगतान के लिए प्रोत्साहित करने के लिए पेटीएम की सुविधा दी है। इसके लिए मै0 वन 97 कम्यूनिकेशन लि. (पेटीएम) को कार्यादेश जारी कर दिया गया है। उपभोक्ता पेटीएम से विद्युत बिलों का भुगतान करने पर विभिन्न कैश बैक सुविधाओं का लाभ भी ले सकते हैं।
जयपुर विद्युत वितरण निगम के प्रबन्ध निदेशक आर.जी.गुप्ता ने बताया कि उपभोक्ता अपने विद्युत बिलों को जयपुर डिस्कॉम की वेबसाईट या पेटीएम की वेबसाईट या मोबाईल एप पर जाकर भुगतान कर सकते हैं। उपभोक्ता द्वारा विद्युत बिलों का भुगतान इन्टरनेट बैंकिंग, ईवीपीपी सर्विस एवं 5000 रुपए तक के विद्युत बिलों का डेबिट/क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने पर कोई ट्रांजे़क्शन चार्ज वसूल नहीं किया जाएगा। ये सभी ट्रांजेक्शन चार्ज डिस्कॉम द्वारा वहन किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता द्वारा 5000 रुपए से अधिक के विद्युत बिल का डेबिट/क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने पर डिस्कॉम द्वारा रुपए 8.90 प्रति बिल वहन किया जाएगा एवं शेष ट्रांजे़क्शन राशि उपभोक्ता द्वारा वहन की जाएगी।