पुलिस की गिरफ्त में डोडा तस्कर,तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार व 44 किलो डोडा पोस्त के बोरे
- फोटो : amar ujala
जोधपुर ग्रामीण पुलिस के मादक पदार्थों की धरपकड़ और तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बाप थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। यहां पुलिस ने नाकाबंदी कर एक स्विफ्ट कार से 44 किलोग्राम डोडा पोस्ट के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
बाप थानाधिकारी किशोर सिंह को मादक पदार्थों के तस्करी की सूचना मिली पर पुलिस ने कानसिंह की सीड़ रेल्वे फाटक के पास नाकाबंदी की तो एक स्विफ्ट डिज़ायर कार नम्बर एच.आर.26 बीसी 6989 द्वारा नाकाबंदी तोड़कर तेज़ गति से लेकर भागने लगा।
इस पर पुलिस ने पीछा कर रुकवा कर गाड़ी को चेक किया तो उसमे डोडा पोस्त से भरे कट्टे मिले तथा साथ में तस्करी करते 3 व्यक्ति मिले। इस पर पुलिस ने कार में सवार जसवीर सिंह पुत्र बेत सिंह निवासी भगवानगढ़ , रामामंडी भटिण्डा, पंजाब, हरदीप सिंह पुत्र प्रताप सिंह निवासी रुखसाना थाना बड़ागुढ़ा ज़िला सिरसा पंजाब और हरबस सिंह पुत्र गुरुदेव सिंह निवासी रुखसाना थाना बड़ागुढ़ा ज़िला सिरसा पंजाब को गिरफ़्तार किया। जब्त डोडा पोस्त का वजन कुल 44 किलोग्राम है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू की है। पुलिस को पूछताछ में डोडा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।