भीषण गर्मी से बेहाल राजस्थान के कई इलाकों में सोमवार को मौसम पलटा। कई जगह पर बूंदाबांदी हुई और गरमी से परेशान लोगों को राहत मिली। राजधानी जयपुर में भी शाम को बूंदाबांदी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
राजधानी जयपुर में दोपहर तक तेज धूप से लोग परेशान रहे। इसके बाद अचानक धूलभरी आंधी चलने लगी और शाम को कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। गर्मी की मार झेल रहे आमजन को राहत की सांस मिली। अजमेर,टोंक,उदयपुर,कोटा में भी बारिश की सूचना है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो—तीन दिन प्रदेश के कई इलाकों में धूलभरी आंधियों के साथ बूंदाबांदी की संभावना है।
बिजली गिरने से 1 की मौत दो गंभीर रुप से झुलसे
अजमेर के केकड़ी इलाके में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई वहीं दो लोग झुलस गए। झुलसे दोनों व्यक्तियों को केकड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां एक शख्स की हालत गंभीर होने पर उसे तुरंत अजमेर रैफर किया गया।