सीकर के धोद तहसील के खोरी गांव में दलित बस्ती पर दबंगों के हमला करने की घटना सामने आई है। दबंगों ने बस्ती के लोगों के पीने का पानी भी बंद कर दिया। इसके विरोध में बस्ती के लोगों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय धरना देकर कलक्टर से न्याय की गुहार लगाई है।
मामले के अनुसार 24 अप्रैल को खोरी गांव की दलित बस्ती के पीने के पानी की सप्लाई कुछ लोगों ने दबंगई दिखाकर रोक दी। ग्रामीणों का आरोप है कि अगले दिन इस बारे में बात करने गए बस्ती के लोगों पर दबंगों ने हमला कर मारपीट भी की। इस सम्बंध में सदर थाना में रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई है। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
लोगों का कहना है पीने के पानी की सप्लाई बंद होने के कारण दलित बस्ती में पानी का संकट खड़ा हो गया है। बस्ती के लोगों ने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि दबंग लोगों ने अवैध रूप से कनेक्शन ले रखे हैं और दलित समुदाय के लोग पीने के पानी को तरस रहे हैं। इसके विरोध में बस्ती के लोगों ने मंगलवार को कलक्टर को ज्ञापन देकर अपनी व्यथा बताई है। ग्रामीणों व दलित शोषण मुक्ति मंच ने न्याय नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। धरना देने वाले लोगों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थी।