सीकर में एक आरोपित वकील को लेकर डॉक्टर और पुलिस में आपसी खींचतान हो गई।
दरअसल, फर्जी नोटेरी बनाने के मामले में उद्योग नगर थाना पुलिस ने तोदी नगर निवासी एडवोकेट किशोर मील को गिरफतार किया था। गिरफ्तार वकील को तबीयत खराब होने के चलते एसके अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इसी दौरान शनिवार शाम डॉक्टरों ने वकील को स्वस्थ करार दिया। रविवार को उद्योग नगर थानाधिकारी राजपाल सिंह अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सकों ने जांच का हवाला देते हुए छुट्टी देने से मना कर दिया। इस पर ड्यूटी डॉक्टर एनएस गढ़वाल की पुलिसकर्मियों से बहस हो गई। बहस हाथापाई तक पहुंच गई।
इसकी सूचना पर इन सर्विस मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डाॅ. मनीष खण्डेलवाल भी मौके पर पहुंचे, लेकिन मामला गरमा गया। इससे नाराज डॉक्टर्स एकत्रित होकर पीएमओ के पास पहुंचे और पुलिसकर्मियों से माफी मांगने की बात कही। मामला बढ़ता देख सीओ सिटी सुरेंद्र शर्मा, कोतवाल मदन कड़वासरा भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीएमओ की मौजूदगी में वार्ता कर चिकित्सकों को समझाया, तब जाकर मामला सुलझा।