जैसलमेर में तेज बारिश के बाद उफनते नदी नाले
- फोटो : amar ujala
धोरों की धरती पर पिछले दो दिनों से हो रही तेज बारिश से जैसलमेर जिला पूरी तरह जलमग्न हो गया है। यहां इन्द्र देवता की मेहरबानी लगातार दूसरे दिन भी जारी है। मंगलवार की देर रात्रि में झमाझम बारिश ने आमजन को गर्मी से राहत दी। वहीं स्वर्णनगरी के ऐतिहासिक गडीसर सरोवर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के नदी-तालाबों में पानी की जबरदस्त आवक लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को रात 11 बजे अचानक झमाझम बारिश हुई। करीब एक घंटे तक जमकर मेघ बरसे और धोरों की धरती को पानी से तरबतर कर दिया। जिलेभर से ही इस बार अच्छी बारिश होने के समाचार मिल रहे हैं।
यहां झमाझम बारिश से धरतीपुत्रों व पशुपालकों के चेहरे खिल उठे हैं। वहीं बात करें स्वर्णनगरी के ऐतिहासिक गडीसर सरोवर की तो यहां पानी की आवक लगातार जारी है। ग्रामीण क्षेत्रों में हुई सुखद बारिश के चलते लगातार गडीसर सरोवर में पानी की आवक हो रही है। पानी के लिए तरसती धोरों की धरती पर लगातार हो रही सुखद बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों के तालाबों व नदियों में पानी की अच्छी आवक हुई है।