जैसलमेर में चांधन गांव के पास तीन दिन पहले रेलवे ट्रेक पर मिले अज्ञात शव की शिनाख्तगी नहीं होने के बाद उसे पुलिस द्वारा दफना दिए जाने के बाद आज फिर से शव को वापस बाहर निकाला गया है। शव को वापस निकाले जाने के बाद उसकी शिनाख्तगी पूरी हुई और उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
गौरतलब है कि जैसलमेर-बीकानेर ट्रेन से बुधवार रात को गिरने से एक युवक की मौत हो गई थी। शव की शिनाख्त नहीं होने के कारण उसे दफना दिया गया लेकिन अब परिजनों द्वारा शिनाख्त करने के बाद दफनाए शव को फिर से निकाला गया।
जानकारी के अनुसार चनणाराम पुत्र तगाराम, जाति सांसी, निवासी पंजाब ट्रेन से अपनी पत्नी के साथ बीकानेर जा रहा था। मृतक की पत्नी रूखमा के अनुसार बुधवार की रात में ट्रेन में दोनों ने खाना खाया था जिसके बाद रुखमा को नींद आ गई वहीं उसका पति बीड़ी पीने के लिए ट्रेन के दरवाजे पर चला गया। जब रूखमा की आंख खुली तो वह बीकानेर पहुंच चुकी थी लेकिन उसका पति उसके साथ नहीं था। रुखमा ने इस बात की सूचना अपने परिजनों को दी जिसके बाद परिजनों ने इधर-उधर चनणाराम की तलाश व संपर्क शुरु किया लेकिन कुछ भी हाथ नहीं लगा।
बाद में रेलवे ट्रेक पर अज्ञात का शव मिलने की जानकारी प्रकाशित होने के बाद चनणााराम के परिजन जैसलमेर पहुंचे लेकिन तब तक लाठी पुलिस ने शव को दफना दिया था। मृतक के परिजनों द्वारा शिनाख्त करने के बाद दफनाए गए शव को बाहर निकाला गया और उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।