हत्या के केस में पिछले नौ माह से फरार चल रहे ईनामी आरोपी को कोटा शहर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कोटा शहर पुलिस अधीक्षक अंशुमान भोमियां ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अंकित देवड़ा पुत्र सुभाष देवड़ा उम्र 19 साल निवासी तुल्लापुरा थाना रेल्वे कॉलोनी, कोटा का रहने वाला है।
पिछले साल 14 अगस्त को मोहन सिंह गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि अलनिया फाटक के गेट नं0 2 पर मालगाड़ी आने वाली थी इसलिये उसने फाटक बन्द कर दिया था। तभी एक टवेरा कार में सवार 7-8 व्यक्ति वहां पहुंचे। उन्होंने जबरन गेट खोलने का दबाव डाला। जब मोहन सिंह ने युवकों को रोका तो आरोपियों ने पत्थर उठाकर उनके सिर पर मारी। तभी मोहन सिंह का साथी बदन सिंह बीच—बचाव करने आए तो आरोपियों ने बदन सिंह के सिर पर लकड़ी व पत्थरों से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाई। इससे बदन सिंह के गंभीर चोटें आई। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने 17 मुल्जिमों के खिलाफ चालान पेश किया गया। मामले में पुलिस ने मोहम्मद शरीफ, मोहम्मद मुबारिक उर्फ कालू, आरिफ, अविनाश उर्फ शनिवार, आकाश उर्फ गोलू, अंकित नाई व अन्य को पहले गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ एसपी कोटा ने तीन—तीन हजार रुपए का ईनाम घोषित किया था। इनमें आरोपी अंकित देवड़ा फरार चल रहा था। जिसे सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।