जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के ईस्ट जिले में बजाज नगर थाना पुलिस ने शातिर वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर बुधवार को तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चुराए गए वाहन बरामदगी के प्रयास किए जा रहे है।
थानाधिकारी मनोज गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कुन्जीलाल उर्फ कुन्जा उर्फ बन्नेसिंह (27) निवासी सवाई माधोपुर है। दूसरा आरोपी पिन्टू उर्फ गिरधारी मीणा (21) बामनवास, सवाई माधोपुर का रहने वाला है। जबकि तीसरा आरोपी राकेश उर्फ राक्या गुर्जर (20) बौंली तहसील सवाई माधोपुर का रहने वाला है।
डीसीपी पूर्व कुंवर राष्ट्रदीप के निर्देशन में जिले में वाहन चोर और चेन स्नेचर गिरोह की धरपकड़ का अभियान चला रखा था। सोमवार को सांगानेर थाना पुलिस ने तीन हिस्ट्रीशीटर समेत छह वाहन चोर गिरोह को पकड़ा था। जबकि, बजाज नगर थाना पुलिस के हत्थे चढ़े गिरोह के तीन वाहन चोरों ने पूछताछ में शहर से करीब दो दर्जन वाहन चुराना बताया है। जिनमें 17 दुपहिया व एक कार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे है। थानाप्रभारी मनोज गुप्ता के मुताबिक इस गिरोह ने मालवीय नगर, जवाहर सर्किल, बजाज नगर में वाहन चोरी की ज्यादा वारदातें की है। बाइक चोरी के साथ रंगे हाथ पकड़े गए एक बदमाश की निशानदेही पर पुलिस ने उसके दो और साथियों को गिरफ्तार कर लिया। अब उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।