करंट लगने से दो युवकों की दर्दनाक मौत
- फोटो : Amar Ujala
पाली जिले के आनन्दपुर कालू क्षेत्र में रविवार को करंट लगने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा फालका गांव में हुआ। युवकों की मौत से स्थानीय ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। उन्होंने मुआवजे की मांग को लेकर करीब चार घंटे बाद धरना प्रदर्शन किया और घटनास्थल पर पड़े शवों को नहीं उठाने दिया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों की समझाइश पर ग्रामीणों ने शवों को उठवाकर पोस्टमार्टम करवाया।
पुलिस के मुताबिक फालका गांव में शनिवार रात तेज अंधड़ आया था। इससे वहां 11 केवी बिजली लाइन के तार टूट कर झूल गए। जिस जगह यह तार टूटकर लटक गए। वहां आसपास बबूल की झांडियां होने से यह किसी को नजर नहीं आए।
रविवार को सुबह करीब छह बजे इसी गांव में रहने वाला सुरेन्द्र पुत्र सांवलराम और सम्मत पुत्र किशनाराम मेघवाल अपनी बाइक लेकर जंगल में शौच के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बिजली का तार बाइक चला रहे युवक और पीछे बैठे उसके साथी के गले में अटककर लिपट गया। बिजली के तार में करंट दौड़ रहा था। इससे बाइक सवार दोनों युवक भी करंट की चपेट में आ गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।