राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में फर्जी आईडी से मोबाइल सिम हासिल कर एक व्यक्ति को धमकियां देकर पांच लाख रुपए की फिरौती वसूलने वाले दो युवकों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक शिवराज मीना ने बताया कि ईशाक उर्फ गोलू उम्र 20 साल और शाहरूख है। दोनों आरोपी कच्ची बस्ती बगवास, थाना इलाका प्रतापगढ़ के रहने वाले है।
सालमपुरा, प्रतापगढ़ युसुफ आबिद हुसैन ने 28 मई को प्रतापगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज करवाया। जिसमें बताया कि अज्ञात व्यक्ति उसे मोबाईल फोन कॉल्स कर उससे 5 लाख रुपये मांग रहे है और रुपयों का इंतजाम नहीं करने पर गोली से मारने की धमकी दे रहे है। वृत्ताधिकारी प्रतापगढ़ शैतान सिंह ने बताया कि थानाधिकारी प्रतापगढ़ मांगीलाल विश्नोई व सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार के नेतृत्व में अनुसंधान शुरु किया।
जिसमें साइबर सेल प्रभारी हैड कांस्टेबल फैलीराम ने अहम भूमिका निभाई और पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान से दोनों युवकों को धरदबोचा। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मोबाईल सिम हासिल कर ली थी। इसके बाद रुपयों की जरुरत होने से धमकी भरा फोन कॉल कर फिरौती में मोटी रकम मांगने की साजिश रची।