राजस्थान के बीकानेर में सटी भारत—पाक अन्तरराष्ट्रीयसीमा के नजदीक सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने सोमवार को दो अलग—अलग जगहों से दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है और दोनों संदिग्धों को सीमान्त मुख्यालय सीमा सुरक्षा बल ने कल पुलिस को सौंपा है।
जानकारी के अनुसार सीमा सुरक्षा बल की 16 वीं बटालियन के जवानों ने रविवार को 34 केवाईडी गांव में बार्डर एरिया के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को धर दबोचा।
पूछताछ में उसे अपना नाम श्यामराम मोहन बताया। वह गांव चिरमारी, छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। तलाशी में श्यामराम ने 220 रुपए बरामद हुए। बाकी, वह कुछ भी ठीक से नहीं बता सका। सीमा सुरक्षा बल ने पूछताछ के बाद उसे खाजुवाला पुलिस थाना को सुपुर्द कर दिया। जिससे अब पुलिस पूछताछ कर रही है।
इसी तरह सेक्टर मुख्यालय जैसलमेर, उत्तर के अधीन 46 बटालियन के चैक पोस्ट कुरियाबेरी जैसलमेर के इलाके में भी सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। संदिग्ध का नाम इकबाल और उम्र करीब 25 साल है। जवानों ने संदिग्ध अवस्था में घूमते उसे पकड़ा। तलाशी में इकबाल के कब्जे से भारतीय मुद्रा 77 रुपए, एक मोबाईल फोन बिना सिम के बरामद किया गया। जवानों ने उसे भी जैसलमेर के रामगढ़ थाना पुलिस के हवाले कर दिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।