कोटा की रामगंजमंडी पुलिस को आज बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है जो इलाके में हथियार बेचने के लिए आए थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 7 पिस्टल और 7 कारतूस बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में मोबाइल और नकदी छीनने की 16 वारदात कबूली हैं।
डीएसपी रामकल्याण मीणा ने बताया कि झालरापाटन का रहने वाला कौशल सोनी रामगंजमंडी में अपने साथी बंटी उर्फ कुश के साथ हथियार बेचने की फिराक में था। मुखबिर की सूचना के बाद सीआई मनोज सिंह सिकरावर के नेतृत्व में टीम गठित की और दोनों आरोपी जुल्मी रोड़ के पास धरे गए। इन आरोपियों ने मोबाइल और नकदी छीनने की 16 वारदात करना कबूला है। साथ ही, जिन लोगों को हथियार बेचने ये दोनों आए थे उनके नाम भी बताए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ में जुट गई है और हथियार खरीददारों की तलाश कर रही है।