हाईवे पर व्यापारी की आंखों में मिर्च झोंककर सवा दो लाख रुपए लूटने की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। दोनों लुटेरों को गेगल थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लुटेरों को पकड़ने में साइक्लोन सैल की अहम भूमिका रही।
घटना अजमेर के गेगन थाना इलाके की है। साईक्लोन सैल के प्रभारी जगमाल दायमा ने बताया कि 21 नवम्बर को वैशाली नगर स्थित एलआईसी काॅलोनी निवासी नवनीत जैन अपने रिश्तेदार से सवा 2 लाख रुपए लेकर बाइक पर अजमेर आ रहा था। गगवाना पुलिया के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने आंख में मिर्च झोंककर उसका बैग लूट लिया और फरार हो गए। उन्होंने बताया कि इस मामले में जिला पुलिस अधीक्षक ने साइक्लोन सैल को बदमाशों का सुराग लगाने का जिम्मा सौंपा।
इसके बाद जब गहनता से जांच की तो पता लगा कि किशनगढ़ के रहने वाले दो युवक अय्याशी कर रहे हैं। इस पर उनका पीछा कर दोनों को दबोचा।
पूछताछ में ये हुआ खुलासा
- फोटो : demo pic
सख्ती से पूछताछ की गई तो दोनों ने वारदात करना कबूल कर लिया। बदमाशों ने बताया कि वारदात अंजाम देकर वह गांव के रास्ते से किशनगढ़ पहुंचे थे जिससे कि टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज में भी उनका चेहरा नहीं आए। बाद में जब पुलिस ने दूसरी फोटो जारी की तो वह निश्चिंत हो गए थे। दायमा ने बताया कि दोनों बदमाशों से लूटी गई रकम बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
पकड़े गए बदमाशों में किशनगढ़ के चमड़ाघर निवासी रमजान उर्फ बब्बन और आरके काॅलोनी, सुंदर नगर निवासी भवानी सिंह उर्फ भागू है। वारदात का खुलासा करने वाली टीम में गेगल थानााधिकारी नरपत राम बाना, साइक्लोन सैल के देवेन्द्र सिंह, रणवीर सिंह, आशीष गहलोत, सुनील मील, हरीराम बाना सहित अन्य शामिल रहे।