प्रदेश में दो अलग—अलग जगहों पर दो लोग ट्रेन की चपेट में आ गए। पुलिस ने मामला दर्ज दोनों ही मामलों में जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला, सीकर जिले के रींगस कस्बे का है। यहां आज सुबह रींगस रेलवे फाटक संख्या 110 के पास ट्रैक पर कुछ मजदूर फ्रेट कॉरीडोर के निर्माण कार्य में लगे हुए थे। काम के दौरान मशीन की आवाज के चलते मजदूरों ने ट्रैक पर आ रहे इंजन की आवाज को नहीं सुना। इसके चलते बागपत यूपी का रहने वाला मजदूर राहुल इंजन की चपेट में आ गया। वहीं, अन्य मजदूर विष्णु गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर रींगस पुलिस व जीआरपी मौके पर पहुंची और मृतक युवक के शव को रींगस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। रींगस पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला, अलवर के शिवाजी पार्क थाना अंतर्गत स्थानीय रेलवे पुलिया के समीप बीती देर रात का है। यहां इंटरसिटी ट्रेन की चपेट में आने से एक 36 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शिवाजी पार्क निवासी धर्मेंद्र सिंह राजपूत कल शाम टहलने के लिए जा रहा था। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय इंटरसिटी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। मृतक धर्मेंद्र सिंह का अपनी पत्नी से तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। अब पुलिस जांच कर रही है कि यह दुर्घटना है या आत्महत्या।