वोल्वो के चालक की एक छोटी सी गलती ने दो लोगों की जान ले ली और एक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। चालक ने रॉन्ग साइड गाड़ी ले जाक एक बोलेरो को टक्कर मार दी।
अजमेर के नेशनल हाईवे संख्या 8 पर मंगलवार को विपरीत दिशा में आकर वोलवो बस के चालक ने बोलेरो को टक्कर मार दी। इससे बोलेरो में सवार कपड़ा व्यापारी और चालक की दर्दनाक मौत हो गई जबकि दूसरा कपड़ा व्यापारी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
मांगलियावास थाने के एएसआई कान सिंह ने बताया कि अलवर निवासी कपड़ा व्यवसायी भूपेन्द्र जैन और नीलेश जैन अपनी बोलेरो से चालक श्याम सुंदर के साथ बालोतरा जा रहे थे। मांगलियावास के निकट ब्यावर की ओर से आ रही वोल्वो बस ने विपरीत दिशा में आकर बोलेरो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चालक श्याम सुंदर और भूपेन्द्र जैन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि नीलेश जैन गंभीर रूप से घायल हो गया। नीलेश को जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। दुर्घटना के बाद लगभग एक घंटे तक हाईवे पर जाम भी लगा रहा। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जप्त कर कार्रवाई शुरू कर दी।