अलवर के टपूकड़ा थाना पुलिस ने बाहर के राज्यों के व्यापारियों को बंधक बनाकर फिरौती मांगने वाले गिरोह के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के व्यापारियों को सस्ते में सामान देने के बहाने टपूकड़ा क्षेत्र में बुलाते थे और वारदात को अंजाम देते।
टपूकड़ा थानाधिकारी जहीर अब्बास ने बताया कि 30 अप्रेल 2017 को कोलकाता के प्लास्टिक दाना व्यापारी घनश्याम शर्मा ने पुलिस में रिपोर्ट दी। इसमें उसने बताया कि मोबाइल पर अमित मिश्रा नाम के व्यक्ति का फोन आया, उसने अपनी कम्पनी का नाम रिवेक्स पॉलीमर, भिवाडी बताया। इसके बाद जब वह माल देखने के लिए गुडगांव आया, जहां से दो व्यक्ति गाड़ी में बिठाकर भिवाड़ी की तरफ ले गए और एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद घरवालों को फोन कर जान से मारने की धमकी दी और 30 लाख रुपए की फिरौती मांगी।
घनश्याम शर्मा के घरवालों ने फिरौती के 15 लाख आरोपितों द्वारा बताए स्थान पर पहुंचा दिया। जिसके बाद घनश्याम को भिवाड़ी बस स्टैण्ड पर छोड़ दिया। घनश्याम ने इस सम्बंध में टपूकड़ा थाने में मामला दर्ज करवाया, तब जाकर जांच पड़ताल छापर गांव मे एक मकान तक पहुंची। यहां मकान मालिक जुबेर पुत्र फजरू और उसके साथी इमरत पुत्र असरू से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। अब पुलिस नामजद अन्य आरोपितों और फिरौती की रकम बरामद करने का प्रयास कर रही है।
टपूकड़ा थाना पुलिस ने हरियाणा के पलवल जिला निवासी लुकमान उर्फ लुक्का पुत्र अयुब, शाकिर पुत्र हारुन, लुकमान उर्फ मोटा पुत्र इसराईल,अख्तर पुत्र हारुन और हरियाणा के नूंह के रहने वाले सैकून पुत्र नामालूम को नामजद किया है।
ये सभी आरोपित व्यापारियों के इंटरनेट पर उपलब्ध वेबपेज से मोबाइल नम्बर प्राप्त करते और फिर उन्हें फोन कर माल बेचने का झांसा देते हैं। कभी—कभी माल का सैम्पल कोरियर से भेज दिया जाता है। जैसे ही व्यापारी झांसे मे फंसता तो ये माल देखने के बहाने भिवाड़ी बुला लेते हैं और फिर अपहरण कर फिरौती मांगते। आरोपित अधिकांश वारदात वारदात एन.सी.आर. रीजन मे करते हैं।