धनतेरस एक व्यापारी के लिए अशुभ साबित हुई। देर रात आए नकाबपोश लुटेरों ने व्यापारी के नौकर और उसके परिजनों को पिस्तौल दिखाकर करीब आठ लाख रुपए के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए।
घटना सीकर जिले के फतेहपुर कस्बे की है। कोतवाली थाना इलाके में चिरानिया मोहल्ला स्थित गंगा माई के मंदिर के पास भगवती प्रसाद ज्वैलर की दुकान है। उसका परिवार भी दुकान के ऊपर बने मकान में रहता है। सोमवार शाम भगवती प्रसाद किसी कार्यक्रम में शामिल होने सुजानगढ़ चला गया। पीछे दुकान पर नौकर फतेहपुर निवासी हीरालाल और पश्चिम बंगाल निवासी वसीम था।
देर रात बिना नंबर की कार आई, जिसमें चार नकाबपोश थे। इनमें से तीन दुकान में घुसे और शटर बंद कर दिया। शटर बंद होने की आवाज सुनकर भगवती प्रसाद की पत्नी दुर्गा भी अंदर के गेट से दुकान में आ गई। लुटेरों ने पिस्तौल तानकर दुर्गा के हाथ और गले में पहने गहने उतरवा लिए। इसके बाद बदमाश दुकान से लाखों रुपए सोने-चांदी के आभूषण व तीस हजार रुपए नकदी लूट ले गए।
10 मिनट में दिया वारदात को अंजाम
मौके पर जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
लूट की सूचना पाकर डीएसपी रामचंद्र मूंड व सीआई सागर मीणा मौके पर पहुंचे। आस-पास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि पूरी वारदात को महज दस मिनट में ही अंजाम दिया गया।
इसके बाद कार त्रिवेणी भवन की तरफ चली गई। त्रिवेणी भवन की तरफ का रास्ता चूरू व बीकानेर को जाता है। ऐसे इन दोनों के रास्ते पर पुख्ता नाकाबंदी करवाई गई है। साथ ही आस-पास की दुकानों के सीसीटीवी कैमरे में भी खंगाले जा रहे हैं लेकिन, अभी तक बदमाशों का पता नहीं चल पाया।