प्रदेश में आज तीन अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों में एक सात साल की बच्ची भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार, तीनों सड़क हादसे अलवर जिले में हुए। पहला हादसा, राजगढ़ के टहला बाईपास स्थित लाडा का गुवाडा गांव के समीप हुआ। पुलिस ने बताया कि मुर्राटा गांव निवासी बनवारीलाल ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि उसका पोता पिंटू, बहू रीना और सरोज बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी में गुढा चुरानी जा रहे थे। इसी दौरान टहला बाईपास स्थित लाडा का गुवाडा गांव की पानी की टंकी के पास सामने से आ रहे डंपर चालक ने बाइक को टक्कर मार दी।
जिससे रीना की मौके पर ही मौत हो गई और अन्य तीन घायल हो गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इस पर राजगढ़ डीएसपी ताराचंद व तहसीलदार अनिल चौधरी मय पुलिस जाप्ते मौके पर पहुंचे और समझाइश कर जाम खुलवाया।
सड़क पार करते आई मौत
दूसरा हादसा, टपूकड़ा थाना क्षेत्र के हाईवे रोड पर जगमलहेड़ी के पास हुआ। यहां सड़क पार कर रही सात साल की बालिका को पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
तीसरा हादसा, खुशखेडा थाना क्षेत्र के टपूकड़ा बूरेड़ा रोड पर हुआ। यहां अनियंत्रित होकर एक टेम्पो के पलट जाने से बूरेड़ा निवासी राजेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित तीन लोग घायल हो गए।