अजमेर की कोतवाली थाना पुलिस ने शहर में चेन स्नेचिंग की वारदात अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड सहित तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने 20 से अधिक वारदात करना कबूला है। आरोपितों ने महंगे शौक और नशे की लत को पूरा करने के लिए जुर्म की दुनिया में कदम रखने की बात भी कबूली है।
उत्तर वृताधिकारी राजेश मीणा ने बताया कि 18 मई को नया बाजार क्षेत्र में लक्ष्मी चौक निवासी आरती गोयल स्कूटी चलाना सीख रही थी। स्कूटी पर आए बदमाशों ने उसकी सोने की चेन तोड़ी और फरार हो गए। क्षेत्र में ही एक ज्वैलर्स की दुकान पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों को दबोचा गया। मीणा ने बताया कि नीरज कुमार खुजली गिरोह का मास्टरमाइंड है। नीरज और उसके दो साथी मनीष धनवानी व हितेश लालवानी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से स्कूटी जब्त की गई है। बदमाशों ने कबूला कि वह सुबह और देर रात्रि में घूमने वाली महिलाओं को शिकार बनाते थे। गिरोह में एक दर्जन सदस्य शामिल हैं, जिनका भी पता लगाया जा रहा है।