विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने के मामले में कार्रवाई की गुहार लेकर पीड़ित अजमेर जिला पुलिस एसपी के पास पहुंचा। पीड़ित ने पुष्कर थाना पुलिस पर आरोपियों से सांठ-गांठ का आरोप भी जड़ा।
अजमेर जिले के बुधवाड़ा गांव निवासी मौहम्मद कालू ने एसपी को ज्ञापन देकर बताया कि अलीपुरा गांव के रहने वाले नजीर, रज्जाक, आमीन और सिकंदर लोगों को विदेश भेजने का काम करते हैं। उन्होंने उसे भी विदेश में पचास हजार रुपए प्रतिमाह की नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसके एवज में उससे तीन लाख रुपए भी ले लिए। कालू ने कहा कि उसे बाहर भेजा भी गया, लेकिन तीन माह के भीतर ही उसे वापस भारत भेज दिया। अब जब उसने तीन लाख रुपए वापस मांगे तो वह उसे धमकियां दे रहा है।
इस मामले में पुष्कर थाने में मुकदमा भी दर्ज करवाया गया, लेकिन पुलिस कार्रवाई करने की बजाय आरोपियों को ही संरक्षण प्रदान कर रही है। ऐसे में एसपी से कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।