बाड़मेर जिले के चौहटन कस्बे में शुक्रवार तड़के आपसी कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने अपने पिता की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह वारदात चौहटन में सरूपे का तला गांव में हुई।
यहां रहने वाले एक बुजुर्ग व्यक्ति वीरमाराम मेगवाल की अपने बेटे जगाराम से किसी बात पर मामूली कहासुनी हो गई। इसके बाद गुस्साए जगाराम और वीरमाराम के बीच हाथापाई हो गई। तब जगाराम ने तैश में आकर घर में रखी लाठी उठा ली और अपने पिता वीरमाराम पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
बाप-बेटे को झगड़ा करते देखकर आसपास रहने वाले लोग वहां पहुंचे। उन्होंने बीच बचाव कर झगड़ा कर रहे पिता पुत्र को छुड़वाया। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर गंभीर घायल वीरमाराम को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर चौहटन पुलिस उपाधीक्षक अर्जुनराम चौधरी और बिजराड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी जगाराम को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।