ज्योति नगर इलाके में गुरुवार रात को रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवती की मौत हो गई। हादसे के वक्त वह बाइक पर अपने मंगेतर के साथ जा रही थी और अपने आॅफिस से घर लौट रही थी।
हादसे में मंगेतर की मौत देखकर युवक भी बदहवास हो गया। जिसे घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों ने संभाला और पुलिस को सूचना दी। तब पुलिस ने शव को उठवाकर मोर्चरी पहुंचाया। शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को हुआ।
दुर्घटना थाना साउथ के मुताबिक हादसे की शिकार अनिता मूल रुप से नसीराबाद अजमेर की रहने वाली थी। यहां जयपुर में रहकर जॉब करती थी। गुरुवार रात करीब नौ बजे वह अपने मंगेतर किशोर के साथ बाइक से घर लौट रही थी। वे दोनों ज्योति नगर मोड़ के पास टर्न ले रहे थे।
तभी एक रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार अनिता उछलकर गिर पड़ी। वह बस की चपेट में आ गई। अनिता की मौत के बाद मंगेतर बदहवास हो गया। युवती की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने बस के शीशे फोड़ दिए।
इस दौरान ज्योति नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। वे दोनों एक साथ निजी कंपनी में जॉब करते थे। यहीं उनकी मुलाकात होने के बाद पिछले दिनों सगाई भी हुई थी।