राजस्थान पुलिस के एक हैडकांस्टेबल के दलाल के मार्फत 10 हजार रुपए की रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। जिसमें भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने आरोपी हैडकांस्टेबल और दलाल को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई सीकर जिले की टीम ने आज शुक्रवार को की।
जिसमें सीकर जिले के थोई थाने में कार्यरत हैडकांस्टेबल महेश कुमार एवं दलाल पवन कुमार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते दबोच लिया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो महानिरीक्षक सचिन मित्तल ने बताया कि परिवादी पुष्पा देवी कुमावत ने एसीबी में यह शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसने एक परिवाद पुलिस अधीक्षक सीकर को दिया था।
जिसकी जांच थोई थाने के हैड कांस्टेबल महेश कुमार को सौंपी गई थी। इस परिवाद में कार्रवाई करने की एवज में आरोपी हैडकांस्टेबल महेश कुमार 20 हजार रुपये की रिश्वत की राशि की मांग कर रहा हैं। यह रिश्वत उसने अपने दलाल पवन कुमार को देने की बात कही।
इस पर सीकर के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पृथ्वीराज मीणा के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया। इसके बाद परिवादी ममहिला ने आज रिश्वत की रकम हैडकांस्टेबल महेश कुमार के दलाल को दी। तब ईशारा मिलते ही एसीबी ने दलाल पवन कुमार और हैडकांस्टेबल महेश कुमार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।