आठ साल की बच्ची को ट्यूशन पढ़ाने के बहाने आपत्तिजनक हरकतें करने का मामला सामने आया है। अधेड़ उम्र का ये ट्यूशन टीचर घर पर ही कोचिंग सेंटर चला रहा था। बच्ची ने जब घर पर शिकायत की, तब परिजनों ने थाने में मामला दर्ज करवाया।
पुलिस ने टीचर के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। यह सनसनीखेज मामला राजस्थान की राजधानी जयपुर के बजाज नगर थाना इलाके का है। थानाप्रभारी मनोज गुप्ता के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी टीचर रमेश चंद वर्मा है।
रमेश चंद वर्मा टोंक रोड स्थित जय जवान काॅलोनी पर रहता है तथा अपने मकान में ही कोचिंग सेंटर खोला हुआ है। हरकतों से पीड़ित आठ साल की मासूम बच्ची उसके यहां कोचिंग में ट्यूशन पढ़ने आती थी। बच्ची के परिजनों का आरोप है कि पढ़ाने के दौरान टीचर रमेश स्टूडेंटस के साथ अश्लील हरकत करता था।
घबराई बच्ची ने कोचिंग जाने से कर दिया था इंकार
minor girl
- फोटो : Demo pic
रमेश ने आठ साल की मासूम छात्रा से भी आपत्तिजनक हरकतें की। लेकिन घबराई छात्रा ने अपने परिजनों को इस बारे में नहीं बताया। जब टीचर की हरकतें ज्यादा बढ़ी तो इससे घबराई बच्ची ने कोचिंग जाने से इंकार कर दिया।
परिजनों के काफी पूछने पर भी उसने कुछ नहीं बताया और रोने लग जाती। ऐसे में उसकी मम्मी ने और बातचीत की। तब बच्ची ने टीचर द्वारा की गई हरकतों के बारे में बताया। इस पर परिवार ने आरोपी शिक्षक रमेश के खिलाफ बजाज नगर थाना में मामला दर्ज कराया और आज पुलिस ने टीचर रमेशचंद को गिरफ्तार कर लिया।