बीकानेर के महाजन इलाके में एक युवक के नहर में कूद कर आत्महत्या करने के मामले में मंगलवार को खासा विवाद हुआ। युवक के परिजनों ने आत्महत्या के लिए जिम्मेदार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया और शव नहीं उठाया।
तीन दिन पहले महाजन में रहने वाले भागीरथ सोनी ने अरजनसर के पास नहर में कूद कर आत्महत्या कर ली थी। मंगलवार सुबह इस युवक का शव मलकीसर पम्पिंग स्टेशन पर मिला। इसके पास से सुसाइड नोट मिला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मार्चरी में पोस्टमार्टम कराया।
दूसरी तरफ सोनी के परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया है। वे सुसाइड नोट के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। इस दौरान अस्पताल की मोर्चरी के बाहर लोगों ने नारेबाजी भी की। मौके पर पुलिस तैनात है और परिजनों को समझाइश के प्रयास किए जा रहे हैं।