बारिश के कारण राजसमंद में एक कच्चा मकान भराभरा कर गिर गया। इस हादसे में मलबे के नीचे दबने से मकान मालिक की मौत हो गई।
यह हादसा मंगलवार देर रात राजसमंद जिले के कुम्भलगढ़ तहसील स्थित केलवाड़ा गांव में हुआ। पुलिस के अनुसार केलवाड़ा निवासी रामलाल पुत्र पुखराज प्रजापत अपने मकान में सो रहा था। लगातार बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवारें और खपरेल छप्पर दरक गया और ये जर्जर मकान भरभराकर ढह गया। इससे कमरे में सो रहा रामलाल मलबे में दब गया। घटना का पता चलने पर ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे।
उन्होंने मलबे में दबे रामलाल को बाहर निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र केलवाड़ा पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान रामलाल ने दम तोड़ दिया। जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। आपदा राहत के तहत पीड़ित के परिजनों को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जा रही है।