प्रदेश में बदमाशों के हौंसले बुलंद है। देर रात एक ऐसे ही हथियारबंद बदमाशों ने एक एटीएम को लूटने की कोशिश की लेकिन वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड की बहादुरी की बदौलत बदमाशों को खाली हाथ ही भागना पड़ा। यह वारदात हुई राजस्थान के अलवर जिले में।
जहां बीती रात को सूर्यनगर क्षेत्र में स्थित कोटक महिंद्रा बैंक के एटीएम पर सुरक्षा गार्ड प्रवीण शर्मा ड्यूटी कर रहा था। देर रात करीब 1 बजे एक बाइक एटीएम के बाहर आकर रुकी। जिस पर सवार तीन नकाबपोश युवक नीचे उतरे। उन्होंने लूट के इरादे से एटीएम में घुसने की कोशिश की तो सुरक्षा गार्ड प्रवीण माजरा भांप गया। उसने बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने फायरिंग करने के लिए देशी कट्टा हवा में लहराया। लेकिन गार्ड प्रवीण ने बदमाश का हाथ पकड़कर देशी कट्टे को साइड में घुमा दिया।
इस पर अन्य दोनों बदमाशों ने सुरक्षा गार्ड के सिर पर कट्टे की बट से हमला कर दिया। तभी शोर शराबे की आवाज सुनकर आसपास के लोग आ गए। इसी बीच सुरक्षा गार्ड प्रवीण की हिम्मत और हौंसले के आगे बदमाश हार कर खाली हाथ ही भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद घायल सुरक्षा गार्ड को राजीव गांधी सामान्य चिकित्सलाय में भर्ती कराया गया है।