विदेशी करेंसी के साथ कस्टम्स टीम और अधिकारी
- फोटो : Amar Ujala
कस्टम्स विभाग ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विदेशी मुद्रा की बड़ी खेप पकड़ी। कस्टम्स टीम ने इसे ले जाने वाले दो यात्रियों को भी धरदबोचा। जब्त की गई इस करेंसी की भारतीय कीमत करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपए बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जब्त की गई यह करेंसी आठ देशों में चलती है। कस्टम्स विभाग ने यह कार्रवाई डिप्टी कमिश्नर कुलदीप कुमार सिंह के निर्देशन में जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर की। कस्टम्स टीम की हिरासत में आए दोनों युवक कुचामन सिटी निवासी जावेद और भरतपुर निवासी नरेश है।
ये दोनों यात्री एयर अरबिया की फ्लाइट में जयपुर से शारजहां जाने वाले थे। इसके लिए सुबह करीब चार बजे जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। जहां कस्टम्स विभाग की टीम ने इन दोनों यात्रियों की तलाशी ली।
तलाशी में इनके कब्जे से विदेशी मुद्रा की बड़ी खेप बरामद हुई। यह करेंसी आठ विभिन्न देशों में चलती है। पूछताछ में दोनों यात्री घबरा गए और ठीक से जवाब नहीं दे सके। अभी पूरे मामले में दोनों यात्रियों से पूछताछ की जा रही है।