शराब पीकर घर आना एक व्यक्ति की जान पर भारी पड़ गया। आवेश में आकर हुई कहासुनी के बाद शराबी व्यक्ति के सगे भाई ने ही उसकी लाठी से सिर पर वारकर हत्या कर दी।
यह मामला है राजस्थान के सीकर जिले में लोसल थाना इलाके का। थानाप्रभारी अभयसिंह ने बताया कि भिराणा गांव का रहने वाला शिवपाल (21) आदतन शराबी था। वह देर शाम को शराब पीकर घर आया था। इसी बात को लेकर शिवपाल का बड़ा भाई प्रकाश गुस्सा हो गया। इससे दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो कि मारपीट में बदल गई। गुस्साए प्रकाश ने अपने भाई शिवपाल के सिर पर लाठी से वार कर दिया। इसके बाद नशे में धुत शिवपाल घर से चला गया।
वापस घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरु की तब शिवपाल घर के समीप ही मृत हालत में पड़ा नजर आया। तब सूचना मिलने पर लोसल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए सीकर के एसके अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया।
वहां सरकारी डॉक्टर्स के हड़ताल पर होने से शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। ऐसे में शव को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल भेजा गया। यहां आज पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस के मुताबिक भाई की मौत के बाद आरोपी भाई फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।