जोधपुर जिले के बालेसर पुलिस थाना क्षेत्र में बीती रात रोडवेज बस और ट्रैक्टर के बीच हुई जोरदार टक्कर में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार घायल ट्रैक्टर चालक को देर रात जोधपुर रैफर किया गया था जहां आज सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बालेसर पुलिस ने इस बारे में रोडवेज बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आज बालेसर पुलिस ने कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंपा।
बालेसर पुलिस ने बताया कि क्षेत्र का रहने वाला 35 वर्षीय मनोहर सिंह पुत्र उदयसिंह रात को ट्रैक्टर चलाते हुए बालेसर से ही गुजर रहा था। तब एक ढाणी के पास में सामने से आ रही रोडवेज बस ने ट्रैक्टर को चपेट में ले लिया।
इस पर गंभीर हालत में उसे जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में रैफर किया गया, जहां आज सुबह उसकी मौत हो गई। बालेसर पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा परिजन को सौंप दिया है। रोडवेज बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।