सरकारी योजनाओं में भ्रष्टचार की एक बानगी सामने आई है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने एक नर्सिंगकर्मी को 1500 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी नर्सिंग कर्मी ने ये रिश्वत राजश्री योजना के तहत दी जाने वाली सहायता राशि देने के बदले मांगी थी।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने यह कार्रवाई राजस्थान में जालौर टीम ने आज सुबह की। एसीबी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बड़गांव रानीवाड़ा, जिला जालौर में कार्यरत नर्सिंगकर्मी हरजीराम को 15 सौ रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
एसीबी में महानिरीक्षक वीके सिंह ने बताया कि परिवादी पहाड़ सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें बताया कि गत दिनों उसके यहां पुत्री ने जन्म लिया था। इस पर राज्य सरकार द्वारा राजश्री कन्या योजना के अंतर्गत दी जाने वाली सहायता राशि को देने की एवज में नर्सिंगकर्मी हरजीराम 15 सौ रुपए की रिश्वत मांग कर रहा हैं।
तब एसीबी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जालौर अन्नराज के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन करवाया गया। जहां आज परिवादी से आरोपी नर्सिंगकर्मी हरजीराम को 1500 रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।