सामाजिक- मानवीय रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिसमें मदद के वक्त अपनों ने ही एक नाबालिग बालिका की अस्मत लूट ली। पीड़िता मदद की गुहार लेकर पुलिस तक पहुंची तो वहां भी सुनवाई नहीं हुई।
आखिरकार किशोरी ने स्थानीय व्यक्ति की मदद से जज को पत्र लिखकर व्यथा सुनाई और मदद मांगी। तब सदर थाना पुलिस एक्शन में आई। पोक्सो एक्ट व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है। पीड़िता का मेडिकल मुआयना करवाकर बयान दर्ज किए जा रहे है।
दरिंदगी का यह सनसनीखेज मामला है राजस्थान के पाली जिले का। पुलिस के अनुसार यौन शोषण की शिकार पीड़िता महज 17 साल की है। करीब छह महीने पहले उसकी शादी पचपदरा, बाड़मेर में रहने वाले एक युवक से हुई थी। पीड़िता के मुताबिक शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल वालों ने दहेज की मांग शुरू कर दी और उसे प्रताड़ित करने लगे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर नाबालिग विवाहिता को घर से निकाल दिया।