सात फेरे होने के बाद और विदाई से ठीक पहले दूल्हे ने लड़की वालों से एक एेसी भारी डिमांड रख दी कि उनके होश ही उड़ गए। दहेज लोभी दूल्हे का लालच जागा और उसने कार की फरमाइश कर दी। फरमाइश सुन सब दंग थे। इस बीच वधु ने आगे बढ़कर शादी करने से मना कर दिया और बारात को खाली हाथ लौटा दिया।
ये मामला राजस्थान के भीलवाड़ा जिले का है। भीलवाड़ा के मंगरोप थाना इलाके में कल रात स्थानीय निवासी वंदना कंवर की बारात आई। बैंड बाजे से आई बारात में दूल्हे नरेंद्र सिंह और बारातियों की खूब मनुहार और स्वागत किया। शादी की रस्में भी हुई। दरवाजे पर तोरण मारी गई। दूल्हे समेत बारातियों ने खाना खाया और सब ठीक चल रहा था कि कुछ ही देर में नजारा बदल गया।
दूल्हे नरेंद्र ने दुल्हन वंदना के साथ सात फेरे भी लिए। सात फेरे लेने के बाद अचानक दूल्हे ने अपना रंग बदल दिया। दूल्हे ने दहेज की बात की। उसने बाकी सामान को दरकिनार करते हुए सीधे कार की मांग रख दी।
नहीं पसीजा दूल्हे का दिल
changes in indian weddings
दूल्हे की इस मांग को लेकर एक बार तो दुल्हन के परिवार वाले दंग रह गए। उन्होंने वर पक्ष से समझाइश की कोशिश की लेकिन कोई बात नहीं बनी। उन्होंने अपनी माली हालत के बारे में बताया और कार देने में अपनी असहजता बता दी। लेकिन दूल्हे का दिल नहीं पसीजा।
इस बीच दुल्हन वंदना कंवर आगे आई और उसने दहेज के लोभियों के साथ जाने से मनाकर दिया। दुल्हन ने अपने परिवार वालों से बारात को लौटाने को कह दिया।
दूसरी तरफ दो दिन पहले हुए मामले में पुलिस किसी भी तरह की कार्रवाई से बचने की कोशिश कर रही है। वधु पक्ष की ओर से पुलिस पर अनदेखी के आरोप लगाए जा रहे हैं।