डोर टू डोर अभियान चलाएगी पुलिस
- फोटो : Amar Ujala
अपराधों की रोकथाम और आमजन से सरोकार रखने के इरादे से पुलिस अब डोर टू डोर अभियान चलाएगी।
यह विशेष अभियान राजस्थान में अजमेर जिला पुलिस ने हाथ में लिया है। एसपी अजमेर राजेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि डोर टू डोर अभियान चलाने के लिए जिले के सभी थानाप्रभारियों को निर्देश दिए है। जिसका वे खुद सुपरविजन करेंगे।
एसपी के मुताबिक इस अभियान के तहत प्रत्येक थाने के थानाप्रभारी और संबंंधित बीट कांस्टेबल अपनी बीट में डोर टू डोर प्रत्येक घर पहुंचेंगे। जिसमें वे घर में अकेले रहने वाले सीनियर सिटीजन्स, स्टूडेंट्स के अलावा अन्य लोगों से बातचीत कर उनकी परेशानी जानेंगे।
किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि होने पर पुलिस को सूचना देने की बात हो या फिर कोई किराएदार का वेरिफिकेशन का मामला। इन सबके लिए जागरुक करेंगे। एसपी का मानना है कि डोर टू डोर अभियान से पुलिस को सीधे जनता से संवाद स्थापित करने में काफी मदद मिलेगी। जिससे क्राइम कंट्रोल में भी सहयोग मिलेगा।