एक मामले में जप्त गाड़ी छोड़ने के एवज में थानेदार ने एक लाख की रिश्वत मांगी। एसीबी ने उसे इसमें से 50 हजार रुपए लेते रंगे हाथ अरेस्ट कर लिया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) उदयपुर स्पेशल यूनिट ने शनिवार को पचपदरा थाना जिला बाड़मेर में कार्यरत थाना अधिकारी देवेंद्र कविया (SI) को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो महानिरीक्षक वी. के. सिंह ने बताया कि परिवादी गफूर खां ने एसीबी कार्यालय उदयपुर स्पेशल यूनिट में शिकायत दी कि उसके खिलाफ अपहरण का मुकदमा पंचपदरा थाने में दर्ज है, जिसमें उसकी गाड़ी भी जप्त की गई थी। इसे वह मुकदमे में जमानत पर आने के बाद छुड़वाने के लिए पचपदरा थाने में गया। पचपदरा थानाधिकारी देवेंद्र कविया गाड़ी छोड़ने की एवज में 1 लाख रुपए की रिश्वत की मांग कर रहा है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयपुर सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में मांग का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन के दौरान पचपदरा थाना अधिकारी देवेंद्र कविया 20 हजार रुपए की रिश्वत ले चुका था। आज परिवादी के साथी रहीसदान के माध्यम से वह बाकी 50 हजार रुपए की रिश्वत ले रहा था तब उसे गिरफ्तार किया गया।