टीडीएस रिफंड करने के बहाने एक फर्जी ईमेल के जरिए एक युवक से 17 लाख रुपए की आॅनलाइन ठगी का मामला सामने आया है।
साइबर ठगों ने पीड़ित की बैंक खाते की गोपनीय जानकारी जुटाकर उसके मोबाइल फोन को हैक कर लिया और फिर ओटीपी नंबर के जरिए उसके खाते से आॅनलाइन ट्रांजेक्शन कर लाखों रुपए की ठगी की। बीती देर रात हुई वारदात के बाद पीड़ित ने आज साइबर क्राइम थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज करवाया।
जानकारी के अनुसार यह मामला है राजधानी जयपुर का। जहां कृष्णा नगर, लालकोठी में रहने वाले गौरव शर्मा ने रिपोर्ट में बताया कि उनकी ईमेल आईडी पर कल इनकम टैक्स टीडीएस रिफंड के लिए एक लिंक ईमेल आया।
इस फर्जी ईमेल के झांसे में आकर परिवादी गौरव ने अपने निजी बैंक की डिटेल्स आॅनलाइन सबमिट करवा दी। ऐसे ही एक अन्य ईमेल लिंक के जरिए हैकर्स ने परिवादी के मोबाइल नंबर को हैक कर लिया और फिर ओटीपी नंबर जारी करवाकर परिवादी गौरव के बैंक खाते से 17 लाख रुपए की रकम ई-ट्रांजेक्शन कर अपने खाते में जमा कर ली।