जयपुर में आईपीएल टी 20 मैच पर सट्टा लगवा रहे तीन सटोरियों को वैशाली नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक एलईडी, एक सेट टॉप बॉक्स, 35 मोबाइल फोन व लाखों रुपए के सट्टे के हिसाब मिला है।
डीसीपी पश्चिम अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संजीव कुमार उर्फ बंटी कटेवा और उसका भाई संदीप कुमार जाट है। दोनों बगड़, झुंझूनूं के रहने वाले है। इसके अलावा तीसरा आरोपी कैलाश चंद माली है, जो कि नवलगढ़, झूंझुनूं का रहने वाला है।
वैशाली नगर थानाप्रभारी भोपाल सिंह भाटी को सूचना मिली थी कि चित्रकूट स्कीम में सेक्टर 9, विनायक रेजीडेंसी में क्रिकेट मैच पर सट्टा खेला जा रहा है। सूचना मिलने पर एडिशनल डीसीपी रतन सिंह के निर्देशन में सब इंस्पेक्टर कमल सिंह व अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने विनायक रेजीडेंसी में बने एक फ्लैट पर दबिश दी। जहां तीनों युवक आईपीएल टी 20 सीरिज में गुरुवार रात को रॉयल चेलेंजर्स बैंगलुरु वर्सेज गुजरात लॉयन्स की टीमों के बीच खेले गए क्रिकेट मैच पर सट्टा लगा रहे है। तभी पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़कर वहां रखा सामान बरामद कर लिया।
थाने लाकर की गई पूछताछ के बाद 35 मोबाइल फोन, जो कि एक सूटकेस में विशेष तरीके से लगाए गए थे। उन्हें जब्त कर लिया गया। ये तीनों लोग विनायक रेजीडेंसी में फ्लैट नंबर 9 में रहते है और इनके तार कई सटोरियों से जुड़े है जो कि क्रिकेट पर आॅनलाइन सट्टा चलाते है। पुलिस इन तीनों सटोरियों से पूछताछ कर रही है।